Jamtara News: बागडेहरी थाना क्षेत्र के सटकी हिंगोलो नदी और बराकर नदी के चितामी घाट से कथित अवैध रूप से बालू उठाव को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब प्रशासनिक स्तर पर दिखने लगा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन पर कड़ा रुख अपनाया है.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, संबंधित अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर स्थलीय जांच एवं निरीक्षण करने का निर्देश दिया है. साथ ही अवैध खनन, परिवहन एवं बालू के भंडारण के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है.
उन्होंने पूर्व में जारी रैंडम रेड एवं स्थलीय जांच संबंधी निर्देशों का भी अक्षरशः अनुपालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा उपायुक्त ने बालू घाटों की बंदोबस्ती से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को 30 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया है.
गौरतलब है कि सटकी हिंगोलो नदी एवं बराकर नदी के चितामी घाटों से बालू उठाव को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे थे. इस संबंध में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

