Giridih News: गिरिडीह के बेंगाबाद प्रखंड स्थित सोनबाद तुरी टोला में पांच दलित परिवारों के आवागमन का रास्ता बंद किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ स्थानीय लोगों ने जमीन पर अपना दावा करते हुए रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी है. इससे पांच परिवारों के सामने घर से बाहर निकलने तक का संकट खड़ा हो गया है. जिस रास्ते का इस्तेमाल कई पीढ़ियों से दलित परिवारों समेत स्थानीय लोग करते आ रहे थे, उसे घेर दिए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
रास्ता बंद होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोनबाद तुरी टोला में लंबे समय से इस रास्ते का इस्तेमाल आवागमन के लिए किया जाता रहा है. लेकिन रास्ते पर दीवार खड़ी किए जाने के बाद पांच दलित परिवारों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाई है और प्रशासन से रास्ता खुलवाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें -
सीओ तक पहुंचा मामला, आंदोलन की चेतावनी
रास्ता बंद होने के बाद पीड़ित परिवारों के सदस्य ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नेताओं से मिले. इसके बाद मामले को बेंगाबाद के अंचल अधिकारी के समक्ष उठाया गया. नेताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता बहाल कराने की मांग की है.
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल और राजेंद्र मंडल ने कहा कि कई पीढ़ियों से लोग इस रास्ते का उपयोग करते आ रहे हैं. अचानक रास्ता घेर दिए जाने से परिवारों का आवागमन प्रभावित हुआ है. उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर रास्ता खुलवाने की मांग की. नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द रास्ता नहीं खुलवाया गया तो पीड़ित दलित परिवारों के साथ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

