Ranchi: अपने अंदाजे बयां से अक्सर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी चर्चा का केंद्र बने रहते हैं. कभी किसी को सम्मानित करना हो या अन्य मुद्दे हों, हर ओर चर्चित होते हैं. एक बार फिर उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है. सिर पर पगड़ी पहनकर इरफान जनता के बीच गये हैं और भाजपा से सवाल पूछा है कि बताओ कौन हूं मैं...
सोशल मीडिया एक्स पर इरफान ने एक पोस्ट डाला है, जिसमें लिखा है कि, भाजपा वालों से मेरा सीधा सवाल है — मेरी तस्वीर देखकर बताओ कि मैं कौन हूं? हिन्दू, मुस्लिम, सिख या ईसाई? जात-पात और धर्म के नाम पर राजनीति करना बंद करो. देश को बांटने की राजनीति से बाज आओ. अंग्रेजों के खिलाफ शहीद वीर भगत सिंह ने कम उम्र में अपने प्राणों की आहुति देकर आज़ादी की नींव रखी. अंग्रेज उन्हें फांसी दे सकते थे, लेकिन उनके विचारों को नहीं झुका सके. वे चले गए, मगर उनकी विभाजनकारी मानसिकता की छाया आज भी कुछ चेहरों में दिखाई देती है.

आज लोकतंत्र के मंदिर में अगर गरीबों की आवाज - जन-जन के नेता आदरणीय राहुल गांधी जी को बोलने से रोका जाता है, तो यह केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि जनता की आवाज को कुचलने का प्रयास है. संसद में जनप्रतिनिधि की आवाज दबाना लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है और देश के विश्वास पर चोट है. मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं - इस देश की पहचान धर्म से नहीं, इंसानियत, बराबरी और संविधान से है. जो राजनीति लोगों को बांटती है, वह राष्ट्र को कमजोर करती है. मैं भाजपा नेताओं से पूछता हूं - देश को जोड़ने की राजनीति करेंगे या बांटने की? याद रखिए, जनता सब देख रही है. जब जनता फैसला सुनाती है, तो सत्ता के सबसे ऊंचे सिंहासन भी हिल जाते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

