National News : भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने 11 अक्टूबर को होर्मुज़ जलडमरूमध्य क्षेत्र में दो व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की. खबर है कि मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाले टैंकर एमटी वैल्थेरा पर किसी अज्ञात चीज़ (प्रोजेक्टाइल) से हमला हुआ, जिससे टैंकर में आग लग गयी. इस पर 11 भारतीय नाविक सवार थे. सभी भारतीय नाविक सुरक्षित बताये गये हैं.
इसके अलावा टैंकर पेट्रो डॉल्फिन पर भी हमला हुआ. इस पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 9 को सुरक्षित बचा लिये जाने की सूचना है, दो भारतीय नाविक लापता बताये जाते हैं.
सूत्रों के अनुसार मस्कट में स्थित भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों और संबंधित शिपिंग कंपनियों के संपर्क में है. भारत ने इस क्षेत्र में बार-बार हो रहे हमलों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
भारत ने इस क्षेत्र में तत्काल तनाव कम करने और बातचीत तथा कूटनीति के माध्यम से इस संघर्ष को सुलझाने पर जोर दिया है भारत ने अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर नेविगेशन की स्वतंत्रता और समुद्री व्यापार को सुरक्षित बनाए रखने का आग्रह किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

