Ranchi News : दीपावली को लेकर बाजार सजने लगे हैं. मिट्टी के दीये, खिलौने, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और घरौंदे बिकने के लिए बाजार में सज चुके हैं.
200 रुपए सैकड़ा मिल रहे दीये
बाजार में मिट्टी के दीये 200 रुपए सैकड़ा बिक रहे हैं.वहीं, ग्वालिन की कीमत 50 से 100 रुपए और बच्चों के मिट्टी के खिलौने 30 रुपए से शुरू हैं. मिट्टी के हाथी, तोता, घोड़ा,शेर और बाघ 50 रुपए में मिल रहे हैं. दुकानदारों ने बताया कि इस बार कीमतों पर बढ़ोतरी हुई.
गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां 300 से 5000 हजार तक
मूर्ति विक्रेता बजरंग सिंह ने बताया कि वे कचहरी रोड में पिछले 10-12 साल से मिट्टी की मूर्तियां बेच रहे हैं. इस बार गणेश और लक्ष्मी जी की मिट्टी की मूर्तियां 5 हजार रुपए तक की हैं. मूर्तियों की कीमत 300 रुपए से शुरू होकर 5 हजार रुपए तक है. उन्होंने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार दाम करीब दोगुने हो गए हैं. जो मूर्ति पिछले साल 150 रुपए में मिलती थी, उसकी कीमत इस बार 300 रुपए हो गई है.
300 से 750 रुपए तक बिक रहा लकड़ी का घरौंदा
रातू रोड की सीता देवी ने बताया कि इस साल लकड़ी का घरौंदा 300 से 750 रुपए तक बिक रहा है. वर्ष 2025 में इसकी कीमत इस बार के मुकाबले करीब 50 रुपए कम थी. दीपावली में घरौंदे की मांग बढ़ जाती है.कीमत बढ़ने से ग्राहकों को खरीदारी में सोचना पड़ रहा है.
साल में एक बार बिकता है करंज तेल
सोनी देवी ने बताया कि दीपावली के मौके पर करंज तेल की बिक्री होती है.इस समय बाजार में करंज तेल 200 रुपए लीटर बिक रहा है.उन्होंने कहा कि वे साल में सिर्फ एक बार ही करंज तेल बेचती हैं.
180 किमी दूर से 6 हजार खर्च कर पहुंचे कुंभकार
बोकारो जिले के कुंभकार इस बार भी हजारों मिट्टी के घरौंदे लेकर मोरहाबादी पहुंचे हैं.घरौंदे की कीमत 250 से 400 रुपए तक रखी गई है. हालांकि, बाजार में ग्राहकों की कम भीड़ देखकर दुकानदार मायूस हैं. कुंभकारों ने बताया कि वे राजधानी से करीब 180 किलोमीटर दूर से आए हैं.

