- झारखंड-बिहार के 53 मामलों में था वांटेड
Ranchi/Palamu News : पलामू पुलिस ने झारखंज-बिहार के वांटेड व 13 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ गोदराम की निशानदेही पर एक इंसास राइफल और कारतूस बरामद किया है. हथियार और कारतूस की बरामदगी पलामू के जंगलों से की गई है.
संजय यादव को महाराष्ट्र एटीएस ने ठाणे से गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के बाद एटीएस ने उसे पलामू पुलिस के हवाले कर दिया था. संजय यादव प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन का जोनल कमेटी सदस्य (ZCM) है. झारखंड में उस पर 10 लाख और बिहार में तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था.

पलामू के जंगलों से इंसास राइफल और कारतूस बरामद
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, संजय यादव झारखंड और बिहार के कुल 53 मामलों में वांटेड था. इनमें पलामू के 23, बिहार के औरंगाबाद के 20 और गया जिले के 10 मामले शामिल हैं. उसके खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला, लेवी वसूली, विस्फोट, आगजनी और हथियार एवं विस्फोटक रखने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. वह पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन (तिलहड़वा) गांव का रहने वाला है.
भाजपा चुनाव कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने का आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संजय गोदराम का नाम कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है. 25-26 अप्रैल 2019 की रात हरिहरगंज बाजार स्थित हीरा कॉम्प्लेक्स में बने भाजपा के चुनाव कार्यालय को विस्फोट कर उड़ाने और तुरी गांव के पास बटाने नदी पर बन रहे पुल के निर्माण में लगी मशीनों और अस्थायी शेड में आग लगाने की घटना में उसे आरोपी बनाया गया था. इस मामले में हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 37/2019 दर्ज है.
23 नवंबर 2019 को पीपरा बाजार में हुई गोलीबारी की घटना में भी संजय यादव आरोपित है. इस गोलीबारी में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता और एक अन्य नागरिक सूरज कुमार सोनी की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे. इस संबंध में पीपरा थाना में कांड संख्या 48/19 दर्ज किया गया था.
सड़क निर्माण के वाहनों में लगाई थी आग
23 अगस्त 2023 को महुदंड-काला पहाड़ सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और मुंशी को बंधक बनाकर माओवादियों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले तीन हाइवा, एक ग्रेडर, एक रोलर, एक पेवर, एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया था. इस घटना में भी संजय यादव का नाम आरोपितों में शामिल है. इसके अलावा 2023 में क्रेशर और ईंट-भट्ठा संचालकों से लेवी वसूली तथा सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों में आगजनी के मामलों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है.
पुलिस को निशाना बनाने के लिए लगाए गए थे बम और आईईडी
जुलाई 2023 में पीपरा-छतरपुर मुख्य सड़क पर हारना गांव के पास पुलिस को निशाना बनाने के उद्देश्य से पुलिया के नीचे केन बम और सिलिंडर बम लगाए गए थे. वहीं, फरवरी 2025 में हुसैनाबाद के दुधिया जंगल में सर्च अभियान के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया करीब 8-9 किलोग्राम का आईईडी बरामद किया गया था. मई 2025 में पांडू थाना क्षेत्र के बरवाही जंगल में पुलिस और माओवादी दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई थी. इन तीनों मामलों में भी संजय यादव आरोपी है.

