Search

 
 
 

झारखंड में टीकाकरण अभियान को रफ्तार, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज स्टेट टास्क फोर्स टीकाकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
 

Ranchi : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज स्टेट टास्क फोर्स टीकाकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा, पुलिस विभाग की ओर से एस.के. झा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया.

 

बैठक में अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि टीकाकरण के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया को मजबूत किया जाए. साथ ही एक पीएमयू का गठन किया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रहे.

 

उन्होंने कहा कि जो लाभार्थी टीकाकरण से छूट जाएं, उनका फोन के माध्यम से फॉलोअप किया जाए. इस कार्य के लिए एएनएम द्वारा व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर वस्तुस्थिति का आकलन किया जाएगा. एआई के माध्यम से कॉल सेंटर स्थापित कर कम मैनपावर में प्रभावी फॉलोअप करने का भी निर्देश दिया गया.

 

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जहां भी टीकाकरण में गैप हो, उसे चिन्हित कर भरने का प्रयास किया जाए. किसी भी कर्मी द्वारा लापरवाही बरतने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

 

बैठक में चंदनकियारी से जुड़ा एक मामला सामने आया, जिसमें एक डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप की जानकारी दी गई. इस पर जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया.

 

समुदाय के साथ बेहतर संवाद के लिए प्रत्येक जिले में प्रतिष्ठित चिकित्सकों द्वारा मासिक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित करने को कहा गया. अभियान की सफलता के लिए आईसीडीएस, पंचायती राज, शिक्षा, आईपीआरडी, कल्याण विभाग और पुलिस विभाग के सहयोग पर जोर दिया गया.

 

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विभिन्न एनजीओ का सहयोग लिया जाए. इसमें रोटरी क्लब जैसे संगठनों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि एचपीवी वैक्सीन सभी पात्र किशोरियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाई जा सके.

 

राज्य में 28 फरवरी 2026 को एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है. इस अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम आयु की लगभग 4 लाख किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान को मिशन मोड में चलाकर हर पात्र किशोरी तक टीका पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही