Ranchi : सम्मान, संवेदना और प्रशासनिक प्रतिबद्धता की मिसाल पेश करते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पेंशन दरबार सह सेवा-निवृत्ति विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की.

समारोह में 18 सेवानिवृत्त शिक्षकों और सदर अनुमंडल व जिला राजस्व शाखा से सेवानिवृत्त 2 कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. खास बात यह रही कि सभी को रिटायरमेंट के दिन ही पेंशन, ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट समेत तमाम लाभ सौंप दिए गए.
DC खुद पहुंचे गेट तक, शिक्षक भावुक
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब सेवानिवृत्त शिक्षक शिवेश्वर महतो (राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डड़िया, बुढ़मू) पैर की समस्या के कारण सभागार तक नहीं आ सके. जानकारी मिलते ही उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री स्वयं मुख्य द्वार तक पहुंचे और उन्हें व्यक्तिगत रूप से सम्मानित कर सभी लाभ सौंपे.
भावुक शिवेश्वर महतो ने कहा कि उपायुक्त का खुद आना और हाथों से सम्मान करना मेरे जीवन का सबसे यादगार पल है.
‘शिक्षक समाज की नींव हैं
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज के स्तंभ हैं. उनकी सेवानिवृत्ति को सम्मानजनक बनाना हमारा दायित्व है. जरूरत पड़ने पर प्रशासन को उनके पास जाना चाहिए, यही सच्ची सेवा है.
उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 से जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय हर माह इस तरह का आयोजन कर रहा है, ताकि कोई भी सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभ के लिए भटकने को मजबूर न हो.
अन्य विभागों को भी नसीहत
उपायुक्त ने अन्य विभागाध्यक्षों से अपील की कि वे भी इसी मॉडल को अपनाएं. उन्होंने कहा कि समयबद्ध लाभ वितरण और सम्मानजनक विदाई प्रशासन की जन-केंद्रित छवि को मजबूत करती है.
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, जिला स्थापना उप समाहर्ता बिवेक कुमार सुमन और उनकी टीम को धन्यवाद दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment