Ranchi News: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक सेफ्टी इलेक्ट्रॉनिक्स पर्सनल (एटीएसईपी) दिवस मनाया गया. इस अवसर पर सुरक्षित विमान परिचालन और सुचारु हवाई यातायात में संचार, नेविगेशन एवं निगरानी (सीएनएस) विभाग के अधिकारियों के योगदान को सराहा गया.
सुरक्षित उड़ान की रीढ़ हैं एटीएसईपी कर्मी
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया गया कि एटीएसईपी अधिकारी हवाई यातायात प्रबंधन की तकनीकी रीढ़ होते हैं. ये कुशल अधिकारी संचार, नेविगेशन और निगरानी प्रणालियों के संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी निभाते हैं. इन्हीं उपकरणों के जरिए पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) के बीच निर्बाध संपर्क बना रहता है. साथ ही विमानों को सटीक दिशा-निर्देश और निगरानी मिलती है, जिससे हर उड़ान सुरक्षित पूरी होती है.
इसे भी पढ़ें -
आधुनिक उपकरणों की संभालते हैं कमान
रांची एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का सीएनएस विभाग कई अत्याधुनिक उपकरणों का संचालन करता है. इनमें वीएचएफ संचार उपकरण, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस), डीवीओआर, डीएमई, एडीएस-बी और ऑटोमेशन सिस्टम शामिल हैं. एयरपोर्ट प्रबंधन ने पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाले इन तकनीकी विशेषज्ञों की कार्यक्षमता और समर्पण की प्रशंसा की. मौके पर सीएनएस प्रभारी अविनाश सोरेंग, विभागाध्यक्ष व तकनीकी कर्मी मौजूद रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

