Search

सदन में बोले इरफान अंसारी- झारखंड में खुलेंगे 8 नए मेडिकल कॉलेज और बनेगा रिम्स 2

Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग की अनुदान मांगों पर जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और आने वाले समय में झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी प्रगति करेगा.

 

मंत्री ने बताया कि पिछले 25 वर्षों में राज्य में केवल 9 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब सरकार एक वर्ष में 8 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की दिशा में काम कर रही है. पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में मेडिकल कॉलेज के लिए जल्द शिलान्यास किया जाएगा. दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज और सरायकेला में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे.

 

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

 

उन्होंने कहा कि रांची के ब्राम्बे में एक मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी ताकि डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सके और मेडिकल शिक्षा को बेहतर बनाया जा सके. इसके अलावा इटकी में रिम्स 2 बनाने की योजना है, जिसे एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक बनाया जाएगा. पहले चरण में इसमें 1400 बेड होंगे और दूसरे चरण में इसे बढ़ाकर 2600 बेड किया जाएगा.

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में मेडिको सिटी की भी स्थापना की जाएगी, जिस पर लगभग 3871 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

 

 

 

उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 तक झारखंड को थैलेसीमिया मुक्त बनाना है. इसके लिए कई अस्पतालों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू की जा रही है. साथ ही सभी मेडिकल कॉलेजों में पेट स्कैन मशीन लगाने की योजना है. एमजीएम जमशेदपुर, धनबाद और रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब भी शुरू की जाएगी ताकि हृदय रोगियों का इलाज राज्य में ही हो सके.

 

मंत्री ने कहा कि सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इसके अलावा राज्य में 25 हाईटेक ट्रॉमा सेंटर बनाए जाएंगे जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी.

 

महिलाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है. राज्य की सभी गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मुफ्त दी जाएगी. ग्रामीण क्षेत्रों में पहले चरण में 750 अबुआ दवा स्टोर खोले जाएंगे, जहां लोगों को सस्ती दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलेगी.

 

उन्होंने बताया कि राज्य में 237 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदी जाएंगी जो लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से लैस होंगी. इन एंबुलेंस के लिए कॉल सेंटर दुमका और जामताड़ा में बनाया जाएगा.

 

मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में 7500 एएनएम और जीएनएम की बहाली भी जल्द की जाएगी ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सके. इसके साथ ही मंत्रियों, वर्तमान विधायकों और पूर्व विधायकों को भी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तर्ज पर मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा दी जाएगी.

 

खाद्य आपूर्ति विभाग पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों को धान का वन टाइम भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने 10 रुपये में धोती, साड़ी और लुंगी देने की योजना को भी गरीबों के लिए महत्वपूर्ण बताया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp