Search

झा. विस सत्र: रामचंद्र सिंह ने शिक्षा व पर्यटन बजट का किया समर्थन

Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, उच्च शिक्षा तथा कला, संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग की अनुदान मांगों के समर्थन में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के माध्यम से सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है और शिक्षा केवल साक्षरता नहीं बल्कि सशक्तिकरण का माध्यम है.

 

रामचंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए करीब 18 हजार 815 करोड़ 88 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में नामांकन दर में वृद्धि हुई है. उन्होंने बताया कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें.

 

उन्होंने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा विदेशी छात्रवृत्ति योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से वंचित वर्ग के छात्र विदेशों की प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे हैं.

 

लातेहार जिले की स्थिति का जिक्र करते हुए रामचंद्र सिंह ने अपने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कुछ मांगें भी रखीं. उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में एक सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोला जाना चाहिए. इसके साथ ही बरवाडीह और महुआडांड़ प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग भी की.

 

विधायक ने पर्यटन विभाग के बजट प्रावधान का भी स्वागत किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने रांची के दशम और जोन्हा फॉल्स में ग्लास ब्रिज और पतरातु में स्काई वॉक निर्माण की योजनाओं का जिक्र किया.

 

रामचंद्र सिंह ने झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष सरकारी बस कॉरिडोर बनाने का सुझाव भी दिया. उन्होंने कहा कि रांची, लोहरदगा और गुमला होते हुए नेतरहाट, महुआडांड़, लोध फॉल्स, सुगा बांध, बेतला नेशनल पार्क और पलामू के अन्य प्रमुख स्थलों को जोड़कर एक पर्यटन सर्किट विकसित किया जा सकता है.

 

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने पलामू प्रमंडल में हो रहे विकास कार्यों के लिए सरकार को धन्यवाद दिया और बरवाडीह से मंडल रोड के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का आग्रह किया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp