Jadugora News : आसनबनी पंचायत के वीरग्राम में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, हुनरमंद और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शुक्रवार को महिला स्वावलंबन केंद्र की शुरुआत की गई. केंद्र का संचालन विश्व हिंदू परिषद जमशेदपुर (धर्म प्रसार) एवं वसुधा सारथी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है.
मुख्य अतिथि महिला नेत्री दुखनी सोरेन, डॉ. सुंदर लाल मार्डी एवं अजय कुमार ने नारियल फोड़कर केंद्र का उद्घाटन किया. इस दौरान ग्रामीण महिलाओं को सिलाई एवं कटिंग का निःशुल्क प्रशिक्षण देने की जानकारी दी गई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुखनी सोरेन एवं अजय कुमार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद जमशेदपुर के प्रमुख ठाकुर विवेक सिंह की पहल पर रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हुनर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है.
प्रशिक्षण केंद्र के पहले चरण में वीरग्राम की सात महिलाओं का चयन किया गया है. इन्हें सिलाई से लेकर कपड़ों की कटिंग तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा. आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर सिलाई मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में हुनर की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर देने की. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर से ही सिलाई का काम शुरू कर अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे सकती हैं.
आयोजकों ने बताया कि वीरग्राम के बाद राखा माइंस रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी इसी तरह का महिला प्रशिक्षण अभियान शुरू किया जाएगा. इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है.
कार्यक्रम में वीरग्राम के ग्राम प्रधान डॉ. सुंदर लाल दास, विश्व हिंदू परिषद की अरुणा सारंगी, साई पद्मजा, ज्ञान प्रकाश, अजय कुमार, रंजन कुमार, शुभम भगत, मनसा मंडल सहित वसुधा सारथी ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षु दशमी गोप, ललिता गोप, सरस्वती देवी, सुप्रीति, सोनिया गोप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

