Search

 
 
 

जयराम महतो का 25 घंटे बाद अनशन समाप्त, छात्रों से शांतिपूर्ण विधानसभा मार्च करने की अपील

छात्रों के समर्थन में विधायक जयराम महतो का करीब 25 घंटे का निर्जला अनशन आज समाप्त हो गया. इस दौरान उन्होंने बारिश और गर्मी के बीच खुले आसमान के नीचे समय बिताया. उन्होंने कहा, बिना जल के अनशन के बावजूद उन्हें इस आंदोलन से अलग तरह की ऊर्जा महसूस हुई.
 
विधायक जयराम महतो

 Ranchi : छात्रों के समर्थन में विधायक जयराम महतो का करीब 25 घंटे का निर्जला अनशन आज समाप्त हो गया. इस दौरान उन्होंने बारिश और गर्मी के बीच खुले आसमान के नीचे समय बिताया. उन्होंने कहा, बिना जल के अनशन के बावजूद उन्हें इस आंदोलन से अलग तरह की ऊर्जा महसूस हुई.

 

अनशन खत्म करने के बाद जयराम महतो ने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासन के साथ विधानसभा मार्च करने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कई जगह बैरिकेडिंग की गई है. कई जिलों से रांची आने वाले छात्रों की बस स्टैंड और रास्तों में जांच की जा रही है.

 

 

उन्होंने छात्रों से कहा कि मुख्य रास्तों पर रोक लगाए जाने की स्थिति में छोटे और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. उन्होंने समूह में आने से बचने की भी अपील की. साथ ही कहा कि छात्र पुलिस प्रशासन से न उलझें. आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.

 

जयराम महतो ने अपने समर्थकों को भी निर्देश दिया कि आंदोलन में किसी तरह का राजनीतिक नारा या राजनीतिक दल का बैनर नहीं लगाया जाए. उन्होंने कहा कि सभी लोग छात्र या उनके अभिभावक के तौर पर आंदोलन में शामिल हों.

 

उन्होंने कहा कि छात्रों की कई मांगों पर सरकार की ओर से सहमति बनी है, लेकिन CGL और JSSC से जुड़े मुद्दों पर अभी बात बाकी है. जयराम महतो ने कहा कि वह विधानसभा सत्र में छात्रों की मांगों और CGL से जुड़े मुद्दे को उठाएंगे.

 

उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा सत्र के बीच समय निकालकर वह छात्रों के धरने और मार्च में शामिल होंगे. जयराम महतो ने छात्रों के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देने की बात कही.

 

अनशन खत्म करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष आगे भी शोषित, वंचित और पीड़ित लोगों की आवाज उठाने के लिए जारी रहेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही