Deoghar News: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबू इमरान ने 2 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाने का निर्देश दिया है. उन्होंने सभी पूर्ण जलापूर्ति योजनाओं का ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन जल्द पूरा करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें:
देवघर समाहरणालय में संताल परगना के छह जिलों की योजनाओं की समीक्षा की गई. इसमें देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ शामिल हैं. सचिव ने जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की जिलावार प्रगति की जानकारी ली.
अबू इमरान ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय से लंबित समस्याओं का समाधान करें. सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए. जलापूर्ति के दौरान पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच हो. काम में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और संवेदकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
उन्होंने जल स्रोतों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए. इंटेकवेल के आसपास खनन और बालू उठाव पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा. लंबित एनओसी की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया. SNS SPARSH Onboarding और Sujal ID Creation के लंबित मामलों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया.
योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए जल शुल्क संग्रह बढ़ाने पर जोर दिया गया. निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए Consumer ID बनाने और बिजली विभाग से समन्वय करने का निर्देश दिया गया.
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया. PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम और आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता दी जाएगी. गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और ग्रामसभाओं में एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक का प्रस्ताव पारित कराने का निर्देश दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

