Jamshedpur News : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित तीनप्लेट सब्जी मंडी में एक दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना के एसआई अजीत राय मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति को संभालते हुए आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए तत्परता दिखाई.
गोलमुरी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. आग बुझाने के लिए टाटा मोटर्स और झारखंड अग्निशमन विभाग की एक-एक दमकल गाड़ी मौके पर बुलाई गई. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली.
घटना के समय दुकानदार दुकान में मौजूद नहीं थे. इस वजह से दुकान में रखे सामान को हुए नुकसान का तत्काल पता नहीं चल सका. आग लगने से दुकान में रखा कितना सामान जला और कितने रुपये का नुकसान हुआ, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है.फिलहाल आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है. नुकसान का सही आकलन और आग लगने की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

