Jamshedpur : मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित हिल व्यू कॉलोनी के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया है. चोर अनुपम ओझा के घर का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. परिवार दुर्गा पूजा देखने गया था। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, अनुपम ओझा महानवमी की रात करीब 12:30 बजे अपने घर में ताला लगाकर सपरिवार दुर्गा पूजा घूमने निकले थे. बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला.
घर के अंदर गए तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है. वहीं गोदरेज का लॉकर भी टूटा हुआ है. परिवार ने जब घर की जांच की, तो करीब 12 लाख रुपये के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद गायब मिले. इसके बाद घटना की जानकारी एमजीएम थाने को दी गई.
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली. पीड़ित परिवार ने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और चोरी गए गहनों व नकदी की बरामदगी की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

