Jamshedpur : जमशेदपुर स्थित सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम चेन छिनतई की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच भिड़ंत हो गयी. भाग रहे आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिस ने साहस दिखाते हुए दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार टेल्को इलाके में एक महिला से चेन छीनकर बाइक सवार दो युवक भाग रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर दी. विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया.
बताया जाता है कि आरोपी बारीडीह होते हुए साकची की दिशा में भाग रहे थे. इसी दौरान सूर्य मंदिर मोड़ के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर रही पुलिस टीम ने उनकी बाइक रोक दी. अपराधी बाइक से गिर गये. इसके बाद एक अपराधी ने पुलिस पर गोली चला दी. इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया.
तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार लोगों में एक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही शहर के कई थाना प्रभारी और वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment