Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी को लूटपाट के दौरान गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घायल व्यवसायी का इलाज रिम्स में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सदाबहार चौक निवासी रोहित कुमार कुटियातु चौक के समीप इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाते हैं. सोमवार रात वह बाजार से वसूली कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कुटियातु आर्मी ग्राउंड के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया.
बताया जाता है कि अपराधियों ने हथियार के बल पर रोहित से सोने के आभूषण और नकदी लूट ली. इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल फोन भी छीनने लगे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी. गोली उनके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए.
वारदात की सूचना मिलते ही नामकुम, एयरपोर्ट और खरसीदाग थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.प्राथमिक जानकारी के अनुसार बदमाश घायल कारोबारी से सोने का लॉकेट, अंगूठी, मोबाइल फोन और करीब 20 से 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment