Jamshedpur : नाई जागृति संघ, झारखंड प्रदेश ने एक म्यूजिक चैनल और उसके गायक पर नाई समाज के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक और अश्लील गाना गाने का आरोप लगाया है. संघ ने इस मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री और जमशेदपुर के उपायुक्त को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
संघ की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि गणेश राजजवान गायक और उनके सहयोगियों द्वारा यूट्यूब पर नाई समाज के प्रति कथित रूप से अश्लील गाना गाया गया है. संघ का आरोप है कि इस गाने के माध्यम से नाई समाज को अपमानित करने का प्रयास किया गया, जिससे समाज के लोगों में नाराजगी है और वे मानसिक रूप से आहत हुए हैं.
इसे भी पढ़ें
शिकायत पत्र में संघ ने संबंधित म्यूजिक चैनल पर प्रसारित गाने को तत्काल बंद कराने की मांग की है. साथ ही गायक गणेश राजजवान यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है.
संघ का कहना है कि कार्रवाई होने से समाज का मान-सम्मान वापस मिल सकेगा और भविष्य में इस तरह की सामग्री के माध्यम से किसी समाज को अपमानित करने की घटना पर रोक लग सकेगी. संघ ने नाई समाज के सम्मान की रक्षा के लिए आगे भी आवाज उठाने की बात कही है.
यह शिकायत नाई जागृति संघ, झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष विजय कुमार ठाकुर, प्रदेश महासचिव सत्येंद्र कुमार प्रभात और प्रदेश कोषाध्यक्ष उदय ठाकुर की ओर से की गई है. पत्र की प्रति बिहार के मुख्यमंत्री को भी भेजे जाने का उल्लेख है.

