Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Jamshedpur : 15 लाख का इनामी नक्सली सचिन फिर से एक्टिव! कारोबारियों से मांग रहा लेवी

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में एक बार फिर नक्सली गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है. खुफिया इनपुट के अनुसार 15 लाख के इनामी नक्सली राम प्रकाश मार्डी उर्फ सचिन के पटमदा, बोड़ाम और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय होने की सूचना मिली है. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने जंगलों में सर्च अभियान तेज कर दिया है.

इसे भी पढ़ें...


सूत्रों के मुताबिक सचिन अपने दस्ते के साथ दलमा वन क्षेत्र में भी देखा गया है. इससे पहले 5 लाख के इनामी नक्सली बिरेन सिंह उर्फ सागर, उसकी पत्नी मीणा और मदन महतो के इलाके में मौजूद होने की खबर सामने आई थी. अब सचिन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.


बताया जा रहा है कि सचिन मूल रूप से पटमदा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसके इलाके में सक्रिय होने की खबरें मिल रही हैं. हालांकि उसके पैतृक गांव पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है. गौरतलब है कि वर्ष 2024 में पूर्वी सिंहभूम को नक्सल प्रभाव से मुक्त घोषित किया गया था, लेकिन हालिया सूचनाओं ने फिर से चिंता बढ़ा दी है.

 

कारोबारियों से लेवी मांगने की शिकायत

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार नक्सली संगठन द्वारा क्षेत्र के कुछ कारोबारियों और पेट्रोल पंप संचालकों से लेवी की मांग की गई है. पटमदा, बोड़ाम और गालूडीह क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंप मालिकों को कथित तौर पर पर्चे भेजकर जंगल में मिलने के लिए कहा गया था. मामले की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.

 

सूत्रों का दावा है कि सचिन, बिरेन, मीणा और अन्य हथियारबंद नक्सली फिर से क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. इस सूचना के बाद दलमा क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई है.


दलमा के जंगलों से ट्रैप कैमरे गायब

इधर, दलमा वन क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगाए गए कुछ ट्रैप कैमरों के गायब होने का मामला भी सामने आया है. कैमरों के साथ उनके डिवाइस भी नहीं मिले हैं. आशंका जताई जा रही है कि किसी ने निगरानी व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से इन्हें हटाया है. हालांकि वन विभाग ने लकड़ी तस्करों की संलिप्तता की संभावना से भी इनकार नहीं किया है. मामले की शिकायत स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई है.

 

कई बड़ी घटनाओं में रहा है नाम

राम प्रकाश मार्डी उर्फ सचिन का नाम कई नक्सली घटनाओं में सामने आ चुका है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वर्ष 2007 में तत्कालीन सांसद सुनील महतो की हत्या से जुड़े मामले में भी उसका नाम सामने आया था. सूत्रों का कहना है कि विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते सुरक्षा दबाव के कारण कई नक्सली दोबारा पुराने इलाकों की ओर लौट रहे हैं और संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश में जुटे हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही