Jamshedpur News : झारखंड के जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में बिरसानगर जोन नंबर तीन में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर, 29 पुड़िया, एक मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसानगर जोन नंबर तीन स्थित सृष्टि गार्डन के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवकों की पहचान रोशन मुंडा उर्फ गुंडा, विकास दास व आकाश दास के रूप में हुई है.
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आदित्यपुर से ब्राउन शुगर खरीदकर बिरसानगर सहित शहर के अन्य इलाकों में बिक्री करते थे. तीनों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तीनों युवकों का आपराधिक इतिहास रहा है. वे चोरी और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

