Jamshedpur News : गालूडीह क्षेत्र की एक सबर बस्ती में 17 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आया है. स्वास्थ्य जांच के दौरान गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी अनुमंडल अस्पताल घाटशिला के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर टुडू को दी है. मामले में स्वास्थ्यकर्मियों और ग्राम प्रधान की ओर से लिखित आवेदन भी दिया गया है.
इसे भी पढ़ें...
किशोरी ने स्वास्थ्य विभाग को बताया है कि घाटशिला के माहलीडीह निवासी समाई सबर ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाया था. किशोरी के अनुसार, समाई करीब एक साल तक सबर बस्ती में रहा. इसके बाद वह मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्य चला गया. फिलहाल किशोरी अपने माता-पिता के साथ रह रही है.
स्वास्थ्य विभाग को दिए आवेदन के अनुसार, किशोरी का पुतड्डु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकरण किया गया है. गर्भावस्था की एएनसी जांच के लिए भी उसका पंजीकरण हो चुका है और उसकी पहली एएनसी जांच पूरी की जा चुकी है. अल्ट्रासाउंड जांच में प्रसव की संभावित तारीख 13 दिसंबर 2026 बताई गई है.
स्वास्थ्यकर्मियों ने मामले की जानकारी अनुमंडल अस्पताल प्रशासन को देते हुए किशोरी की नियमित स्वास्थ्य देखभाल के साथ आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है. आवेदन पर सीएचओ शिप्रा जैसी, एएनएम शिखा सामंत, एमपीडब्ल्यू गोविंद रजक, स्वास्थ्य सहिया गीता गोप और ग्राम प्रधान सुशांत सिंह के हस्ताक्षर हैं.
इस संबंध में अनुमंडल अस्पताल घाटशिला के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर टुडू ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

