- महिला विवि का दीक्षांत समारोह, 1,990 छात्राओं को मिली डिग्री
- देश की प्रगति में शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियों की भूमिका अहम
- असफलता से घबराएं नहीं, बल्कि सीख लें
Jamshedpur News : झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने छात्राओं को आगे बढ़ने का संदेश दिया है. उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, चिकित्सा, उद्योग, खेल और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमता का इस्तेमाल करने की अपील की. वह जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. कहा कि दीक्षांत समारोह सिर्फ पढ़ाई पूरी होने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन के नए पड़ाव की शुरुआत है. यह छात्राओं के साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए भी गर्व का पल है.
इसे भी पढ़ें
राज्यपाल ने कहा कि डिग्री आगे बढ़ने के रास्ते खोल सकती है, लेकिन किसी व्यक्ति की असली पहचान उसकी प्रतिभा, चरित्र और व्यवहार से होती है. उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि सफलता के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों को भी जीवन का हिस्सा बनाएं.
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की 1,990 छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई. कार्यक्रम में CSIR-NML के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार व कुलसचिव डॉ. सलोनी कुजूर समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
राज्यपाल ने छात्राओं से कहा कि जीवन में हर कोशिश का नतीजा सफलता के रूप में नहीं मिलता. असफलताएं व्यक्ति को नई सीख देती हैं और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती हैं. उन्होंने निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच को सफलता का आधार बताते हुए छात्राओं को चुनौतियों से घबराने की बजाय उनका सामना करने की सलाह दी.
अपने संबोधन में राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का भी उल्लेख किया. कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य केवल रोजगार हासिल करना नहीं है, बल्कि कौशल, नवाचार, शोध और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना भी है. देश की प्रगति में शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियों की भूमिका अहम है.
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. उन्होंने छात्राओं से अपनी शिक्षा और सफलता को समाज के विकास से जोड़ने का आह्वान किया. कहा कि छात्राएं विश्वविद्यालय से सिर्फ डिग्री लेकर न निकलें, बल्कि आत्मविश्वास, संस्कार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

