Search

 
 
 

Jamshedpur News  : बागबेड़ा जलापूर्ति योजना 15 जून तक  होगा शुरू, विधायक ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम

प्रखंड सभागार में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक में पोटका विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की.
 

Jamshedpur : प्रखंड सभागार में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक में पोटका विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हालत में योजना को 15 जून तक शुरू किया जाए. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से स्वच्छ पेयजल का इंतजार कर रही है और अब काम में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

 

बैठक में पेयजल व स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने विधायक को भरोसा दिलाया कि तय समय सीमा के भीतर योजना शुरू कर दी जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत मेन लाइन का करीब 550 मीटर और राइजिंग लाइन का लगभग 800 मीटर का काम अभी बाकी है. वहीं लगभग 60 प्रतिशत घरों तक जलापूर्ति कनेक्शन पहुंच चुका है. शेष घरों में अगले 15 दिनों के भीतर कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है.

 

विधायक संजीव सरदार ने कार्य में तेजी लाने के लिए निर्माण स्थल पर अतिरिक्त मजदूर और मैनपावर लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए सभी विभागों को युद्धस्तर पर काम करना होगा.

 

बैठक के दौरान विधायक ने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि यदि किसी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी सामने आती है तो उन्हें तुरंत जानकारी दी जाए, ताकि उसका तत्काल समाधान किया जा सके. विधायक ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वे स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी करेंगे.

 

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है. बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना पूरी होने के बाद हजारों लोगों को स्वच्छ और नियमित पेयजल मिल सकेगा.

 

बैठक में अंचल अधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर भागीरथ कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही