Search

 
 
 

Jamshedpur News: आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, हादसे में युवक की मौत

आदित्यपुर में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. यह हादसा आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर बीएसएनएल कार्यालय के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रेलर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई.
 

Jamshedpur: आदित्यपुर में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. यह हादसा आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर बीएसएनएल कार्यालय के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रेलर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा. बाद में पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

 

मृतक की पहचान रोहित कुमार पाठक (28) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रोहित देर रात बाइक से गम्हरिया की ओर जा रहा था. इसी दौरान बीएसएनएल कार्यालय के पास सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से उसकी बाइक तेज रफ्तार में जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा. राहगीरों की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

 

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रेलर चालक की ओर से सुरक्षा के लिए कोई संकेतक या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था या नहीं.

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर अक्सर बड़े वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 



Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही