Jamshedpur News : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडीपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई गोलीबारी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस कांड में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से तीन पिस्टल, छह गोलियां, एक बाइक, दो मोबाइल फोन व एक राउटर बरामद किया गया है.
इसे भी पढ़ें
ज्ञात हो कि उडीपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे अपराधियों ने 12 राउंड गोलियां चलाई थी. इसमें डोमनिक सैम्सन, रिजवान, दानिश और कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सभी को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं और शूटरों की पहचान की.
पुलिस ने मुख्य शूटर मोहन यादव व अजीत मंडल को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया. इसके अलावा अविनाश ठाकुर, रूपेश सिंह और ओम सिंह उर्फ ओम बच्चा को भी गिरफ्तार किया गया. अविनाश ठाकुर और रूपेश सिंह की गिरफ्तारी 7 अक्टूबर को हुई. पुलिस के अनुसार, अविनाश ठाकुर के पास से 9 एमएम की लोडेड पिस्टल, लोडेड मैगजीन और गोलीकांड में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई. गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. इनके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
अजीत मंडल के खिलाफ सीतारामडेरा थाना में मामला लंबित है. उसे हत्या के एक मामले में दोषी करार देते हुए कोर्ट ने 27 नवंबर 2019 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. इसके अलावा उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. वहीं, मोहन यादव के खिलाफ भी सोनारी थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, वह उडीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड का मुख्य आरोपी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

