Search

 
 
 

Jamshedpur News : हिमांशु हत्याकांड में बिष्टुपुर थाना प्रभारी निलंबित, निरंजन कुमार बने नए थानेदार

जमशेदपुर में बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.
 
बाई ओर बिष्टुपुर के पूर्व थाना प्रभारी, दाई ओर नए थानेदार
  • सीसीटीवी फुटेज से खुली पुलिस की पोल

Jamshedpur :  जमशेदपुर में बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.

 

गौरतलब है कि बीते 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर गश्ती दल की मौजूदगी में हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चाकू और चापड़ से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह का इलाज अभी भी जारी है.

 

 

सीसीटीवी जांच में सामने आई पुलिस की कथित लापरवाही

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, घटना के सीसीटीवी फुटेज और जांच रिपोर्ट के अवलोकन में यह बात सामने आई कि पूरी वारदात गश्ती दल में तैनात पुलिसकर्मियों के सामने हुई. रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्परता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते तो घटना को रोका जा सकता था.

 

जांच रिपोर्ट में गश्ती दल में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं. इसके आधार पर पहले ही एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी संख्या-913 मनोज कुमार को निलंबित किया जा चुका है. आदेश में कहा गया है कि इन पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई, जिसके कारण घटना उनके सामने घटित हो गई.

 

अब थाना प्रभारी पर भी गिरी गाज

मामले ने तूल पकड़ने और पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठने के बाद विभाग ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी की जवाबदेही भी तय की है. इसके तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. विभागीय स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

हिमांशु की मौत के बाद भड़का था जनाक्रोश

हिमांशु सिंह की मौत के बाद बिष्टुपुर, टीएमएच और रीगल गोलचक्कर क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बन गया था. करणी सेना, क्षत्रिय समाज और परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम किया गया और आक्रोशित भीड़ ने सिटी एसपी ललित मीणा की सरकारी गाड़ी पर पथराव भी किया था, जिससे वाहन का पिछला शीशा टूट गया था.

 

हत्या मामले में बार मालिक समेत कई आरोपी नामजद

बिष्टुपुर थाना में दर्ज प्राथमिकी में भाजपा नेता एवं डबल डाउन बार के मालिक नीरज सिंह, बार संचालक विजय कुमार सहित कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

 

जांच जारी और कार्रवाई के संकेत

पुलिस विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है. घटना में पुलिसकर्मियों की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और अन्य पहलुओं की समीक्षा की जा रही है. जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे और भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही