Jamshedpur News : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी का विरोध अब राजनीतिक रूप लेने लगा है. पत्रकार संगठनों के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भी इस मामले को लेकर सड़क पर उतर आए है.
शनिवार को भाजयुमो महानगर के जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के नाम चार सूत्री ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से भाजयुमो ने चार प्रमुख मांगें रखीं. इनमें पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, अभिषेक भारती को न्याय दिलाने के लिए उचित कानूनी पहल, पत्रकारों की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पत्रकारों पर दबाव बनाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिशों पर रोक लगाना शामिल है.
गौरतलब है कि अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और हिरासत में कई पत्रकार संगठनों ने भी शनिवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है. अब पत्रकार संगठनों के साथ भाजयुमो के आंदोलन में उतरने से यह मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है.

