Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र में परसुडीह के चांदनी चौक निवासी सिकंदर कुमार शर्मा का शव बरामद किया गया है. उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. चापड़ से वार किए जाने के निशान भी बताए जा रहे हैं. परिजनों ने सिकंदर की मौत को हत्या बताया है. उनका कहना है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को बानाकटा इलाके में फेंका गया.
शव के पास मिली बाइक
पुलिस ने बानाकटा इलाके से सिकंदर का शव बरामद किया. शव से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी पड़ी मिली. पुलिस ने बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है. मौत की सही वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
सोमवार को घर से निकला था सिकंदर
जानकारी के अनुसार, सिकंदर सोनारी इलाके में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था. सोमवार को वह काम के लिए घर से निकला था. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई. मंगलवार की रात कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकटा इलाके में उसका शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ. शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

