Jamshedpur News : जमशेदपुर पुलिस ने शहर में चोरी व छिनतई करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने MGM अस्पताल के पास से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से चोरी व छिनतई के मोबाइल फोन, आभूषण व वाहन बरामद किए गए हैं.
जमशेदपुर की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन व पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था. टीम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक MGM अस्पताल के पास किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटी व चेन की छिनतई व चोरी करने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उनकी निशानदेही वर बरामद सामान के मिलान के आधार पर MGM व सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुल छह मामलों का खुलासा किया है.
33 मोबाइल, दो स्कूटी, एक बाइक व आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इनमें iPhone, Vivo, Oppo, Realme और Samsung समेत कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं. इसके अलावा सोने की लॉकेट, चांदी की माला, तीन चांदी की चेन और एक कान का टॉप्स बरामद किया गया है. वाहनों में दो चोरी की स्कूटी व छिनतई में इस्तेमाल एक बाइक बरामद हुई है.
गिरफ्तार आरोपियों में तुषार कालिन्दी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिन्दी उर्फ नन्दु, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा व सावन देवगम उर्फ बच्चा शामिल हैं. सभी बागुनहातु, सिदगोड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ के खिलाफ पहले से भी चोरी, मारपीट व NDPS एक्ट मामले दर्ज हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

