Search

 
 
 

Jamshedpur News: पेपर लीक व छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाई
 

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाई. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई की जांच की मांग की.

 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नीट समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी वर्षों तक मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है. इससे परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.

 

Uploaded Image

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ कई जगहों पर बल प्रयोग, लाठीचार्ज और कठोर कार्रवाई की गई, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है. उनका कहना है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत और संवेदनशील रवैये से किया जाना चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई से.

 

राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि नीट सहित सभी कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू की जाए. पार्टी ने छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की.

 

कांग्रेस ने परीक्षा प्रबंधन में कथित लापरवाही की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की. वहीं छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफा लेने की मांग राष्ट्रपति से की गई. 

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में लोगों का भरोसा कायम रखने के लिए केंद्र सरकार को जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए.प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही