Search

Jamshedpur News : नगर निगम में ठेकेदारों का प्रदर्शन, अधिकारियों पर कमीशनखोरी का आरोप

Jamshedpur :  आदित्यपुर नगर निगम में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में ठेकेदारों ने निगम के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ठेकेदारों ने अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश और अकाउंट अफसर अमित चौरसिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की.

 

प्रदर्शन में शामिल ठेकेदारों का आरोप था कि नगर निगम में बिना परसेंटेज दिए काम आगे नहीं बढ़ता है. उनका कहना है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यों से जुड़ी फाइलों को जानबूझकर रोका जाता है और भुगतान प्रक्रिया में भी अनावश्यक देरी की जाती है. 

 

ठेकेदारों के अनुसार, छोटे-छोटे कार्यों के भुगतान में विलंब होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.एक ठेकेदार ने आरोप लगाया कि निगम में कमीशन की व्यवस्था तय है और समय पर भुगतान नहीं करने पर फाइलें लंबित रखी जाती हैं.

 

ठेकेदारों ने इस व्यवस्था को समाप्त करने और लंबित भुगतानों का जल्द निपटारा करने की मांग की.वहीं, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने ठेकेदारों के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया. उन्होंने कहा कि निगम में सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किए जा रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 लाख रुपये तक के कार्यों के लिए भी ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाती है ताकि अधिक से अधिक योग्य लोगों को भाग लेने का अवसर मिले और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे. 

 


उनका कहना था कि ऑफलाइन टेंडर व्यवस्था लागू करने से पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है.प्रदर्शन के कारण नगर निगम परिसर में कई घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा. ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे. दूसरी ओर, निगम प्रबंधन ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए शिकायतों की जांच कराने की बात कही है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//