Search

 
 
 

Jamshedpur News: विकास कार्यों में लापरवाही पर DC सख्त, लंबित योजनाएं जल्द पूरा करने के निर्देश

पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रही विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने और उनकी प्रगति तेज करने के लिए उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए.
 

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रही विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने और उनकी प्रगति तेज करने के लिए उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए. सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला विकास, योजना एवं ग्रामीण विकास शाखा के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई.


बैठक में उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. जिन योजनाओं का काम निर्धारित समय सीमा के बाद भी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाप्त किया जाए. उन्होंने संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से योजनाओं की निगरानी करने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का निर्देश दिया.


समीक्षा के दौरान जिले में निर्माणाधीन पुल-पुलिया, पीसीसी सड़क, पहुंच पथ, पेयजल एवं जलापूर्ति योजनाएं, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और शौचालय निर्माण, कल्वर्ट सहित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजनाओं में अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदार संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अभियंताओं को क्षेत्र में जाकर कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति की जांच करने को कहा गया.

 

बैठक में नीति आयोग फंड से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा हुई. इसमें मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, जनजातीय क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण, साल पत्ता प्लेट एवं कप निर्माण इकाई, लाइब्रेरी सह रिसोर्स सेंटर और सरकारी विद्यालयों में रसोईघर निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई.

 

डीएमएफटी मद से स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान अंचल कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र किया जाए ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए.

 

सांसद और विधायक निधि से संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लंबित निविदा प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर जमा कराने पर भी जोर दिया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही