Search

 
 
 

Jamshedpur News : DD Bar के मैनेजर का दावा- संचालक के बेटे ने कहा था कि दोनों को सबक सिखाना है

जमशेदपुर के चर्चित DD Bar हत्याकांड में पुलिस को नया सुराग मिला है. बार के गिरफ्तार मैनेजर विजय महानंद ने पूछताछ में अहम जानकारी दी है. उसके दावे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है.
 
लोह नगरी जमशेदपुर की खबरें

Jamshedpur : जमशेदपुर के चर्चित DD Bar हत्याकांड में पुलिस को नया सुराग मिला है. बार के गिरफ्तार मैनेजर विजय महानंद ने पूछताछ में अहम जानकारी दी है. उसके दावे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैनेजर के बयान की सत्यता की जांच की जा रही है. इसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर परखा जा रहा है.

 


पुलिस पूछताछ में विजय महानंद ने बताया कि घटना वाली रात बार में विवाद होने के बाद उसने DD Bar के संचालक नीरज सिंह को फोन किया था. मैनेजर का दावा है कि फोन नीरज सिंह के बेटे ने उठाया और कहा कि दोनों का मन बढ़ गया है. उन्हें सबक सिखाना होगा. पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल फोन के तकनीकी डेटा व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है. 


इस बीच DD Bar के संचालक नीरज सिंह को राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया गया है. अदालत में पेशी के बाद उन्हें चार दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. मेडिकल जांच के बाद उन्हें एमजीएम थाना में रखा गया है, जहां पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है. जांच टीम मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और गिरफ्तार आरोपियों के बयानों का मिलान कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

 

अब तक इस मामले में बार मैनेजर विजय महानंद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, एक नाबालिग को पुलिस ने निरुद्ध किया है. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

 

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बार में हुई घटना पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी या फिर विवाद के बाद अचानक हिंसा हुई. जांच टीम सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस बहुचर्चित हत्याकांड में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही