Jamshedpur News : झारखंड के जमशेदपुर शहर के टेल्को तार कंपनी क्षेत्र स्थित C2 तालाब की घेराबंदी का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है. टाटा स्टील यूआईएसएल की ओर से तालाब के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने की पहल की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे तालाब तक आने-जाने का रास्ता प्रभावित हो सकता है. ऐसे में छठ पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें
स्थानीय लोगों के अनुसार, C2 तालाब टाटा स्टील की स्थापना से भी पहले से मौजूद है. इस तालाब से क्षेत्र के लोगों की आस्था और भावनाएं जुड़ी हैं. छठ पर्व के दौरान यहां लोग पूजा-अर्चना करते हैं. इसके साथ ही विभिन्न अवसरों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए भी तालाब का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में तालाब की घेराबंदी करने से पहले इन जरूरतों को ध्यान में रखना जरूरी है. विकास और साफ-सफाई के नाम पर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे वर्षों से चली आ रही परंपराओं पर असर पड़े.
वहीं, टाटा स्टील यूआईएसएल की ओर से घेराबंदी के पीछे सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही जा रही है. कंपनी का कहना है कि तालाब किनारे स्थानीय लोग कचरा फैलाते हैं. इसे रोकने के लिए क्षेत्र की घेराबंदी की जा रही है. कंपनी की योजना घेराबंदी के बाद तालाब का सौंदर्यीकरण कराने की भी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

