Search

Jamshedpur News : बेलडीह में पेयजल संकट,एक महीने से बंद पड़ी सोलर जलमीनार

Jamshedpur : पटमदा प्रखंड अंतर्गत बोड़ाम क्षेत्र के बेलडीह गांव स्थित जारकी टोला में पेयजल संकट गहरा गया है. यहां पेयजल व स्वच्छता विभाग द्वारा स्थापित सोलर संचालित जलमीनार पिछले करीब एक महीने से खराब पड़ी है, जिससे टोला के लगभग 25 परिवारों को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

 

ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार बंद होने के बाद टोला में पीने के पानी की कोई वैकल्पिक सरकारी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. गांव में न तो सरकारी चापाकल है और न ही कोई कुआं मौजूद है. ऐसे में लोगों को निजी चापाकलों से पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं.

 

गर्मी के मौसम में स्थिति और भी कठिन हो गई है. खासकर महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों, जल सहिया, वार्ड सदस्य और मुखिया को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक जलमीनार की मरम्मत नहीं कराई गई है.

 

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीण महिलाओं ने गुरुवार को जलमीनार स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने खाली बर्तन रखकर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द से जल्द जलमीनार को ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की.

 

प्रदर्शन में वैद्यनाथ टुडू, बासुदेव टुडू, लुधुराम हेंब्रम, पुष्पांजलि टुडू, रीता टुडू, पूर्णिमा टुड्डू, गुलापी टुडू, सादरी टुड्डू समेत कई ग्रामीण शामिल हुए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//