Search

 
 
 

Jamshedpur News: रिसेप्शन समारोह में खौलते तेल के कड़ाह में गिरे बुजुर्ग की 16 दिन बाद मौत

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब रिसेप्शन समारोह के दौरान हादसे का शिकार हुए 61 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई.
 

Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब रिसेप्शन समारोह के दौरान हादसे का शिकार हुए 61 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई. 

 

मृतक की पहचान काशीडीह लाइन नंबर-23 निवासी प्रवीन जायसवाल के रूप में हुई है. वे पिछले 16 दिनों से टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती थे, जहां मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

 

जानकारी के अनुसार, यह हादसा 26 अप्रैल को धालभूम क्लब में आयोजित एक रिसेप्शन समारोह के दौरान हुआ था. प्रवीन जायसवाल अपने भतीजे की शादी के रिसेप्शन में शामिल हुए थे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे थे.

 

इसी दौरान वे किचन एरिया की तरफ गए, जहां बड़े कड़ाह में तेल खौल रहा था. बताया जा रहा है कि अचानक उन्हें चक्कर आया और संतुलन बिगड़ने से वे सीधे खौलते तेल से भरे कड़ाह में गिर पड़े.

 

हादसे के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और मौजूद लोग तुरंत उन्हें गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस जाने के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही. करीब 16 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार को उनकी मौत हो गई.

 

बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही