Search

 
 
 

Jamshedpur News : चाकुलिया में सब्जी विक्रेता पर हाथियों ने किया हमला, हालत गंभीर

पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
 

Jamshedpur  : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना बड़ामारा गांव के पास चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर हुई. घायल व्यक्ति की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी 45 वर्षीय नीलकंठ नायक के रूप में हुई है. वह पेशे से सब्जी विक्रेता हैं.

 

जानकारी के अनुसार, नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान बड़ामारा गांव के पास सड़क पर अचानक उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया. हाथियों को देखकर उन्होंने तुरंत बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे. इसी दौरान एक हाथी ने उनका पीछा किया और पास के खेत में उनपर हमला कर दिया.

 

जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. किसी तरह वह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया. उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक समीर मोहंती भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाने में मदद की. वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल का हालचाल लिया.

 

ग्रामीणों के अनुसार, बड़ामारा गांव के आसपास पिछले कई दिनों से सात हाथियों का झुंड घूम रहा है. हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सड़क पर निकलना खतरनाक हो गया है, क्योंकि हाथी कभी भी मुख्य सड़क पर आ जाते हैं.

 

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है. लोगों का आरोप है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. हाथी खेतों और घरों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ लोगों पर भी हमला कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही