Jamshedpur News : जमशेदपुर पुलिस ने जिला बदर कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, राजकुमार सिंह जिला बदर है. आदेश का उल्लंघन कर वह चोरी-छिपे पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश कर गया था. साकची पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर उसे काशीडीह से सीतारामडेरा जाने वाली सड़क स्थित पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें
राजकुमार सिंह उर्फ दाना सोनारी के निर्मल नगर का रहने वाला है. पुलिस को उसके काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंचने की सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया था कि वह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर किसी अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहा है.
इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने काशीडीह से सीतारामडेरा जाने वाली सड़क पर पुल के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी में थी. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजकुमार सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में गंभीर आपराध के कई मामले दर्ज हैं. छापेमारी में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, एसआई अभिनव कुमार, अविनाश उरांव व सशस्त्र बल जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

