Jamshedpur News : बिष्टुपुर स्थित एलआईसी की बिल्डिंग में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग चौथी मंजिल पर लगी, जहां कॉन्फ्रेंस हॉल है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटें देखकर बिल्डिंग में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी.
इसे भी पढ़ें...
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 2 बजे के बाद बिल्डिंग से अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगीं. सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद टाटा स्टील के अग्निशमन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई. करीब चार दमकल वाहनों और अग्निशमन कर्मियों की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया.
आग इतनी तेज थी कि अग्निशमन कर्मियों को करीब 3 घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी. काफी प्रयास के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका. इसके बाद भी आग पूरी तरह बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का काम जारी रहा.
घटना की जानकारी मिलने पर एलआईसी के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने बताया कि आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी है. इस मंजिल पर कॉन्फ्रेंस हॉल होने के कारण शुरुआती तौर पर बड़े नुकसान की संभावना कम जताई जा रही है. हालांकि, आग से बिल्डिंग और एलआईसी के सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा.
एलआईसी अधिकारियों के अनुसार, पूरी टीम बिल्डिंग का निरीक्षण करेगी और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा. वहीं, अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है. हालांकि, आग के वास्तविक कारण और कुल नुकसान की स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

