Search

 
 
 

Jamshedpur News : जुगसलाई में कपड़ा दुकान में फायरिंग, बाल-बाल बचे कारोबारी

जुगसलाई बाजार स्थित “यूनिक कलेक्शन” कपड़ा दुकान में घुसे बाइक सवार अपराधियों ने अचानक गोली चला दी. इस घटना में दुकान संचालक विनेश कुमार बेरिया बाल-बाल बच गए. बताया जा रहा है कि गोली उनके कान के बेहद करीब से गुजर गई.
 
घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस.

Jamshedpur : जमशेदपुर शहर के जुगसलाई बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार अपराधी बाजार स्थित “यूनिक कलेक्शन” नामक कपड़ा दुकान के पास पहुंचे. इनमें से एक दुकान में घुसा और अचानक गोली चला दी. इस घटना में दुकान संचालक विनेश कुमार बेरिया बाल-बाल बच गए. गोली उनके कान के बेहद करीब से गुजर गई.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक सवार युवक अचानक दुकान के पास पहुंचे. इसके बाद एक बदमाश दुकान के अंदर घुसा और फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज सुनकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के दुकानदार और ग्राहक डरकर इधर-उधर भागने लगे. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.

 

 

सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

 

प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, कारोबारी विनेश कुमार बेरिया से पिछले करीब छह महीने से रंगदारी मांगी जा रही थी. उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही थीं. शुक्रवार की फायरिंग को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

 

घटना के बाद जुगसलाई बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है. व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि रंगदारी, कारोबारी विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही