Ranchi News : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपराध नियंत्रण को लेकर हुई समीक्षा बैठक के कुछ घंटे बाद गोलीबारी की घटना को लेकर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय बैठक के बावजूद यदि अपराधी खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है.
इसे भी पढ़ें...
मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण और पुलिस की मुस्तैदी को लेकर समीक्षा बैठक हुई थी. इसके करीब नौ घंटे बाद सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक युवक पर कथित तौर पर रंगदारी के लिए चार से पांच राउंड फायरिंग की गयी. उनके मुताबिक, युवक फोन पर बात कर रहा था, तभी बदमाश पहुंचे, गोली चलायी और मौके से फरार हो गये.
उन्होंने कहा कि एक तरफ अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक होती है और दूसरी ओर कुछ ही घंटों में गोलीबारी की घटना सामने आती है. इससे पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों में कानून के भय को लेकर सवाल उठते हैं.
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जमशेदपुर जैसे शहर में यदि पुलिस अधिकारियों की बैठक के बाद भी अपराधी गोली चलाने से नहीं हिचक रहे हैं, तो आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कैसे कायम होगा. उन्होंने पुलिस नेतृत्व की कार्यप्रणाली और सरकार के स्तर पर पुलिसिंग में कथित हस्तक्षेप को लेकर भी सवाल उठाये.
मरांडी ने कहा कि केवल बैठक और बयान से कानून-व्यवस्था मजबूत नहीं होगी. अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है. उन्होंने सरकार से जमीन पर ठोस कार्रवाई करने और अपराधियों में कानून का भय पैदा करने की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

