Search

 
 
 

Jamshedpur News  : टाटा स्टील में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

टाटा स्टील ने अपनी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. कंपनी ने विभिन्न विभागों और सहयोगी इकाइयों में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं.
 

Jamshedpur : टाटा स्टील ने अपनी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. कंपनी ने विभिन्न विभागों और सहयोगी इकाइयों में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं. 

 

कुछ अधिकारियों का तबादला देश के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में किया गया है, जबकि कुछ को विदेश स्थित इकाइयों में नई भूमिका दी गई है. कंपनी के अनुसार अधिकांश नई नियुक्तियां 1 अगस्त, 1 सितंबर और 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होंगी.

 

इस फेरबदल के तहत कविता महतो को टाटा स्टील का ब्रांड कस्टोडियन व चीफ स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन नियुक्त किया गया है.वह कंपनी की ब्रांड रणनीति, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और ब्रांड की पहचान को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगी.वर्तमान में टिनप्लेट डिवीजन में मार्केटिंग व सेल्स के प्रमुख अमित अग्रवाल को चीफ इलेक्ट्रिकल स्टील प्रोजेक्ट-ऑपरेशन डाउनस्ट्रीम बनाया गया है. 

 

वह 1 दिसंबर 2026 से नई जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, राहुल लाल को चीफ प्रोक्योरमेंट-बल्क कमोडिटीज एंड इंडस्ट्रियल गैसेस (डिज़िग्नेटेड) नियुक्त किया गया है. उनकी नई जिम्मेदारी 1 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी.

 

कंपनी ने अपने एक महत्वपूर्ण पद का नाम भी बदल दिया है. चीफ प्रोक्योरमेंट, सप्लायर मैनेजमेंट एंड प्रोसेस इम्प्रूवमेंट का नाम बदलकर चीफ सप्लायर मैनेजमेंट एंड प्रोक्योरमेंट एक्सीलेंस कर दिया गया है. इस पद पर अमृता गुप्ता जुठानी को नियुक्त किया गया है, जो अभी तक सीएसएम ब्रांडेड प्रोडक्ट्स (फ्लैट प्रोडक्ट्स) में कार्यरत थीं.

 

प्रशासनिक बदलावों के तहत एन.पी. वेंकटेशन को तीन वर्षों के लिए एसआईडब्ल्यू थाईलैंड भेजा गया है. वह वहां कंपनी के व्यावसायिक संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, सुमन कुमार मंडयाल को चीफ प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन- मेरामंडली नियुक्त किया गया है. इसके अलावा संजय अग्रवाला को मेटालिक्स डिवीजन का चीफ मार्केटिंग एंड सेल्स बनाया गया है. वह 1 अगस्त से नई भूमिका में काम शुरू करेंगे.

 

इसी क्रम में सिद्धार्थ मिश्रा को जेसीएपीसीपीएल में महाप्रबंधक (मार्केटिंग, सेल्स एवं सप्लाई चेन) बनाया गया है. उनकी नियुक्ति 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी. वहीं, सत्यजीत मैती को चीफ मार्केटिंग एंड सेल्स-आईबीएमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

 

इन सभी प्रशासनिक बदलावों से संबंधित आदेश टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यपालक अधिकारी टी. वी. नरेंद्रन के हस्ताक्षर से जारी किए गए हैं. कंपनी का कहना है कि इन नियुक्तियों और तबादलों का उद्देश्य विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों, प्रोक्योरमेंट, मार्केटिंग, ब्रांड प्रबंधन और परियोजना संचालन को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाना है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही