Jamshedpur News : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित बड़ा तालाब में नहाने के दौरान डूबने से 47 वर्षीय गोपाल सिंह की मौत हो गई. बुधवार सुबह तालाब में नहाने गए गोपाल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय मछुआरे मौके पर पहुंचे. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें तालाब से बाहर निकाला गया. इसके बाद परिजन उन्हें खासमहल स्थित सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान हरहरगुट्टू निवासी गोपाल सिंह के रूप में हुई है. उनके भाई मनीष सिंह के अनुसार, गोपाल बुधवार सुबह करीब 11:50 बजे घर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे. इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस टीम और स्थानीय मछुआरों ने उन्हें बचाने के लिए प्रयास किया, लेकिन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जब उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गोपाल सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. उनके तीन बच्चे हैं और वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. गोपाल जुगसलाई स्थित एक चाउमीन फैक्ट्री में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.
बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार सुबह तालाब में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका. गुरुवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

