Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र में गुरूवार सुबह एक बुजुर्ग महिला के साथ चेन स्नैचिंग हुई .मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़िता ने कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराई है.जानकारी के अनुसार, कदमा के अनिल सूर पथ मुख्य रोड निवासी 62 वर्षीय आलो चटर्जी बुधवार सुबह नाना-नानी पार्क में मॉर्निंग वॉक करने गई थी.टहलने के बाद जब वह अपने घर लौटीं और गेट के पास खड़ी थीं, तभी काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे.
दोनों युवकों ने पहले उनसे एक पते के बारे में पूछताछ शुरू की. महिला जब उन्हें रास्ता समझाने लगीं, तभी बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली. घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए.
पीड़िता ने बताया कि दोनों युवक काले रंग की शर्ट पहने हुए थे. बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था और दोनों हिंदी में बातचीत कर रहे थे. महिला का कहना है कि यदि आरोपी सामने आएं तो वह उनकी पहचान कर सकती हैं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत और नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है.

