Search

 
 
 

Jamshedpur News  : MGM अस्पताल में गंदगी देखकर भड़के विधायक, गुटखा-तंबाकू पर सख्ती व जुर्माने के दिए निर्देश

डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पोटका विधायक संजीव सरदार अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को देखकर नाराज हो गए.
 

Jamshedpur : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पोटका विधायक संजीव सरदार अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को देखकर नाराज हो गए. उन्होंने खिड़कियों और दीवारों पर गुटखा और तंबाकू की पीक के निशान देखकर मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए.

 

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा को निर्देश दिया कि गुटखा और तंबाकू की वजह से गंदी हुई दीवारों और अन्य स्थानों की विशेष सफाई कराई जाए. उन्होंने कहा कि अस्पताल का माहौल साफ-सुथरा होना चाहिए ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर वातावरण मिल सके. साथ ही उन्होंने कहा कि अगली बार निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए.

 

पत्रकारों से बातचीत में संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है और सरकारी अस्पतालों को निजी अस्पतालों की तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. ऐसे में अस्पताल की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने अस्पताल परिसर में गुटखा और तंबाकू लाने तथा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने की भी वकालत की.

 

निरीक्षण के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने गुटखा खाकर आए एक व्यक्ति को विधायक के सामने पेश किया. उस व्यक्ति ने अपनी गरीबी का हवाला दिया, लेकिन विधायक ने स्पष्ट कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं और उनका पालन हर किसी को करना होगा.

 

इसके अलावा विधायक ने अस्पताल में खराब पड़े वाटर प्यूरीफायर की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया. उन्होंने एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास से फोन पर बात कर अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा.

 

इसके बाद अस्पताल परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दर्जनों लोगों के पास से गुटखा, खैनी और अन्य तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए. सूत्रों के अनुसार बुधवार से अस्पताल परिसर में स्वच्छता और अनुशासन को लेकर कई नए बदलाव लागू किए जा सकते हैं.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही