Jamshedpur: जमशेदपुर के पारडीह इलाके में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. हादसा इतना जोरदार था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, करीब 20 वर्षीय युवक मोटरसाइकिल से पारडीह की ओर जा रहा था. टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा. इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया है.
इसे भी पढ़ें:
न पहचान पत्र मिला, न बाइक पर नंबर
पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है. युवक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए है. जिस मोटरसाइकिल से युवक सफर कर रहा था, उस पर भी आगे और पीछे कहीं रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं मिला. अब पुलिस बाइक के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाने में लगी है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांच रही है. पुलिस स्थानीय लोगों से भी मदद ले रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय वहां से कौन-कौन से वाहन गुजरे थे. फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश भी जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

