Jamshedpur: जमशेदपुर पुलिस को चर्चित रेलकर्मी गितेन्दु कुमार गौतम हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी राजकिशोर सिंह और उसके पुत्र अनिकेत सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल देसी पिस्टल, जिंदा गोली और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे आदित्यपुर-2 स्थित कुलूप टांगा निवासी रेलकर्मी गितेन्दु कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. इस मामले में रीना रानी के फर्दबयान के आधार पर राजकिशोर सिंह, उसके पुत्र अनिकेत सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ साजिश के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था.
मामले के प्राथमिक अभियुक्त राजकिशोर सिंह और अनिकेत सिंह ने 12 मई को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से दोनों को रिमांड पर लिया और कई घंटों तक गहन पूछताछ की.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बागबेड़ा स्थित घर से हत्या में इस्तेमाल एक देसी पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा गोली बरामद की. वहीं, घटना में इस्तेमाल हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल को परसुडीह थाना क्षेत्र के मोईगुटू इलाके से जब्त किया गया. पुलिस ने बरामद हथियार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है. मामले में अन्य आरोपियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment