Jamshedpur News : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. इस कांड के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अशोक सिंह राघव के घर, कार्यालय समेत कई ठिकानों पर पुलिस ने एक साथ छापामारी की. यह कार्रवाई जमशेदपुर व सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने की. घर व कार्य़ालय से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है. टीम ने कार्यालय में मौजूद कंप्यूटरों की भी जांच की.
इसे भी पढ़ें
छापामारी में बिष्टुपुर, साकची और सोनारी थाना की पुलिस के अलावा सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस की टीम ने सबसे पहले अशोक सिंह राघव के कार्यालय में पहुंचकर तलाशी ली. इसके बाद खूंटाडीह स्थित उसके आवास पर दबिश दी. दोनों स्थानों पर पुलिस ने काफी देर तक जांच-पड़ताल की.
तलाशी के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं. इसके अलावा कार्यालय में रखे कंप्यूटरों और अन्य सामान की भी जांच की गई. पुलिस की कार्रवाई के समय घरवाले और उनके साथ रहने वाले लोग भी वहां मौजूद थे. हालांकि, छापामारी के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है.
ज्ञात हो कि जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या 24 अगस्त को हुई थी. अपराधियों ने चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल से निकलने के दौरान उन्हें गोली मार दी थी. पुलिस ने मामले की जांच में अशोक सिंह राघव को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में चिह्नित करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
पुलिस इस हत्याकांड में शामिल दोनों शूटरों को भी गिरफ्तार कर चुकी है. अब तक अशोक सिंह राघव समेत कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस का फोकस अब हत्याकांड से जुड़े सभी सबूत जुटाने पर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

