Search

 
 
 

Jamshedpur News: जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ियों और कोचों को राहत, बकाया भुगतान कर अनुबंध से मुक्ति

Jamshedpur News: बकाया भुगतान के बाद खिलाड़ियों ने अब दूसरे क्लबों का रुख करना शुरू कर दिया है. निखिल बारला नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से जुड़ चुके हैं, जबकि लालह्रियातोइया छांगटे चेन्नैयिन एफसी का हिस्सा बने हैं. मोहम्मद सनन केरल ब्लास्टर्स में संभावित बदलाव का इंतजार कर रहे हैं और प्रणय हलदर के श्रीनिधि डेक्कन से जुड़ने की संभावना है.
 
जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ी (फाइल-फोटो)

Jamshedpur News: जमशेदपुर एफसी की प्रथम टीम का परिचालन बंद होने के बाद करियर को लेकर परेशान चल रहे खिलाड़ियों को अब बड़ी राहत मिली है. क्लब प्रबंधन ने अपने 12 अनुबंधित खिलाड़ियों और दो कोचों का पूरा बकाया भुगतान कर उन्हें अनुबंध से मुक्त कर दिया है. इस फैसले के बाद खिलाड़ियों पर आर्थिक नुकसान का दबाव नहीं रहा. अब वे अपनी पसंद के दूसरे क्लब से जुड़ सकते हैं.

 

इसे भी पढ़ें:

 

JFC के बंद होने के बाद खिलाड़ियों के सामने आगे के करियर को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी. क्लब के CEO मुकुल चौधरी ने खिलाड़ियों को चर्चिल ब्रदर्स से जुड़ने या अपना पूरा बकाया लेकर दूसरे विकल्प तलाशने का प्रस्ताव दिया था. चर्चिल ब्रदर्स जाने वाले खिलाड़ियों का आगे का वेतन वहां की टीम को देना था. वहीं, इस विकल्प को नहीं चुनने वालों के अनुबंध की पूरी राशि JFSPL की ओर से चुकाने की बात कही गई थी.

 

किसी भी खिलाड़ी या कोच ने चर्चिल ब्रदर्स जाने का विकल्प नहीं चुना. इसके बाद JFC ने मौजूदा और अगले सीजन से जुड़े अनुबंधों का पूरा बकाया चुकता कर दिया.

कई खिलाड़ियों को मिला नया ठिकाना

बकाया भुगतान के बाद खिलाड़ियों ने अब दूसरे क्लबों का रुख करना शुरू कर दिया है. निखिल बारला नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से जुड़ चुके हैं, जबकि लालह्रियातोइया छांगटे चेन्नैयिन एफसी का हिस्सा बने हैं. मोहम्मद सनन केरल ब्लास्टर्स में संभावित बदलाव का इंतजार कर रहे हैं और प्रणय हलदर के श्रीनिधि डेक्कन से जुड़ने की संभावना है.

 

कुछ खिलाड़ी इंटर काशी की स्थिति और नए निवेशकों के आने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, JFC के विजेता कोच ओवेन कोएल ने एक शीर्ष ISL क्लब का प्रस्ताव ठुकरा दिया है.

 

टाटा स्टील ने अगस्त में 2017 से ISL में खेल रही जमशेदपुर एफसी की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी और स्पोर्ट्स लाइसेंस चर्चिल ब्रदर्स को महज 100 रुपये के सांकेतिक मूल्य पर हस्तांतरित किया था. चर्चिल ब्रदर्स गोवा का क्लब है और इसके मालिक गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाव हैं. इस बदलाव के बाद JFC की प्रथम टीम के परिचालन से जुड़े खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के भविष्य पर सवाल खड़े हुए थे, जिन्हें अब बकाया भुगतान के बाद नए विकल्प तलाशने की आजादी मिल गई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही